RajasthanScience and Technology
कलश यात्रा के साथ “जल गंगा संवर्धन अभियान 2026” का शुभारंभ
कलश यात्रा के साथ “जल गंगा संवर्धन अभियान 2026” का शुभारंभ कटनी - जिले के बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में जल संरक्षण और संचयन को बढ़ावा देने हेतु “जल गंगा संवर्धन अभियान 2026” का शुभारंभ श्रद्धा और जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा से हुई, जिसके पश्चात बड़वारा के विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने ग्राम स्थित काली माता मढ़िया में ब्रह्म पताका चढ़ाकर ग्रामवासियों के सुख-समृद्ध जीवन की कामना की। इसके बाद ग्राम विलायतकला की प्राचीन जल बावड़ी पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मिलकर जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के अंतर्गत क्षेत्र की पारंपरिक जल संरचनाओं के संरक्षण एवं पुनरुद्धार का कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक श्री सिंह ने ग्रामवासियों से अपने घरों में सोक पिट बनाने की अपील करते हुए जल संचयन को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभावती टेकाम, नायब तहसीलदार, सहायक यंत्री प्रियंका लखेरा, एपीओ अजीत सिंह, बबीता सिंह, राजेश श्रीवास्तव, उपयंत्री पूजा नागर, सचिव स्नेहलता सिंह, योगेंद्र रजक सहित जन अभियान परिषद की नंदिनी वाटिया, प्रस्फुटन समिति के सदस्य, सेक्टर सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।



