PoliticalRajasthan

गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के प्रयासों से पालका जीएसएस में 500 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम निर्माण को मिली 25 लाख रुपये की स्वीकृति

गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के प्रयासों से पालका जीएसएस में 500 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम निर्माण को मिली 25 लाख रुपये की स्वीकृति हिमांशु मोदी डीग -राजस्थान सरकार के गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री एवं बृजनगर विधायक जवाहर सिंह बेढ़म के निरंतर एवं सार्थक प्रयासों के फलस्वरूप क्षेत्र के किसानों को एक बड़ी सौगात मिली है। राज्य सरकार के सहकारिता विभाग द्वारा डीग जिले की बृजनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पालका ग्राम सेवा सहकारी समिति में 500 मीट्रिक टन क्षमता के नवीन गोदाम निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई है। यह महत्वपूर्ण स्वीकृति राज्य बजट 2025-26 की बजट घोषणा के क्रियान्वयन के क्रम में जारी की गई है, जिससे क्षेत्र के किसानों और सहकारिता से जुड़े सदस्यों में अपार हर्ष है।इस महती स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि किसानों का आर्थिक उत्थान और कृषि क्षेत्र का सुदृढ़ीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। माननीय मुख्यमंत्री महोदय के नेतृत्व में पालका जीएसएस में स्वीकृत यह 500 मीट्रिक टन का नवीन गोदाम हमारे क्षेत्र के किसानों की भंडारण क्षमता को और अधिक विस्तार देगा। हमारा निरंतर प्रयास है कि अन्नदाताओं को अपनी उपज सुरक्षित रखने के बेहतर विकल्प मिलें ताकि वे अधिकतम आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकें और स्थानीय सहकारिता ढांचा और अधिक मजबूत हो सके। सहकारिता विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, इस नवीन गोदाम का निर्माण कार्य प्रथम किश्त जारी होने की तिथि से चार माह की निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाना अनिवार्य है। निर्माण कार्य में पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ग्राम सेवा सहकारी समिति स्तर पर एक विशेष क्रय समिति और उच्च स्तरीय पर्यवेक्षण कमेटी का गठन भी किया गया है। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हो, इसके लिए विभागीय अधिकारियों को नियमित पर्यवेक्षण के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।पालका जीएसएस में इस वृहद गोदाम के निर्माण से बृजनगर क्षेत्र के कृषि परिदृश्य में और अधिक सकारात्मक बदलाव आएगा। इस नवीन ढांचे के बनने से क्षेत्र के अन्नदाताओं को अपनी उपज के सुरक्षित भंडारण के लिए अतिरिक्त और आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे वे बाजार में उचित मूल्य मिलने पर अपनी फसल बेचकर अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, स्थानीय स्तर पर खाद एवं उन्नत बीज के सुरक्षित भंडारण की क्षमता का भी विस्तार होगा, जिससे बुवाई के महत्वपूर्ण समय पर किसानों को सुगमता से आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध हो सकेंगे। यह परियोजना पालका और आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *