Development

*जिला कलक्टर ने कुम्हेर में अटल जन सेवा शिविर का किया पर्यवेक्षण; उप जिला चिकित्सालय एवं श्री अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची* *तापघात से बचाव हेतु पुख्ता प्रबंध करने एवं आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

*जिला कलक्टर ने कुम्हेर में अटल जन सेवा शिविर का किया पर्यवेक्षण; उप जिला चिकित्सालय एवं श्री अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची* *गर्मी के दृष्टिगत चिकित्सालय में लू-तापघात से बचाव हेतु पुख्ता प्रबंध करने एवं आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश* हिमांशु मोदी डीग - जिला कलक्टर उत्सव कौशल ने गुरुवार को पंचायत समिति कुम्हेर में आयोजित अटल जन सेवा शिविर का पर्यवेक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने उप जिला चिकित्सालय कुम्हेर और बस स्टैंड स्थित श्री अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिला कलक्टर ने शिविर में पहुंचकर आमजन की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना। शिविर के दौरान मुख्य रूप से पंचायती राज विभाग से संबंधित पेंशन चालू करवाने, पेंशन बंद करवाने एवं पेंशन का बैंक खाता बदलवाने तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से संबंधित चम्बल का पानी सुचारू करवाने के परिवाद प्राप्त हुए। जिला कलक्टर ने मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को इन सभी प्रकरणों का त्वरित और गुणवतापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उप जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने ओपीडी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर पर्ची कटाने में लगने वाले समय और मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। चिकित्सालय के मुख्य द्वार के समीप पानी फैला हुआ पाए जाने पर उन्होंने तुरंत प्रभारी अधिकारी को साफ-सफाई व जल-निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के उपरांत मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए जिला कलक्टर ने बताया कि चिकित्सालय में साफ-सफाई की व्यवस्था पूर्व के निरीक्षण की तुलना में बेहतर पाई गई है। आगामी दिनों में मौसम परिवर्तन और तापमान में वृद्धि की संभावनाओं के दृष्टिगत, उन्होंने चिकित्सा विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। गर्मी के कारण लू-तापघात और निर्जलीकरण के संभावित मरीजों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए, कलक्टर ने जीवन रक्षक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के बैठने के लिए समुचित छाया एवं शीतल पेयजल की अनिवार्य व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। तत्पश्चात, जिला कलक्टर ने कुम्हेर बस स्टैंड स्थित श्री अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने रसोई परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था परखी तथा वहां भोजन कर रहे लाभार्थियों की संख्या व भोजन की गुणवत्ता के विषय में जानकारी प्राप्त की। गैस सिलेंडर की उपलब्धता के संदर्भ में प्राप्त शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए, जिला कलक्टर ने जिला रसद अधिकारी भागूराम महला को निर्देशित किया कि रसोई में रसोई गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता और निर्बाध आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए ताकि लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह, कुम्हेर उपखंड अधिकारी श्रेष्ठा श्री और अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मान सिंह सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *