PoliticalRajasthan
कामां का नाम कामवन होने पर विधायक नौक्षम चौधरी का भव्य स्वागत
कामां का नाम कामवन होने पर विधायक नौक्षम चौधरी का भव्य स्वागत कामां का नाम बदलकर कामवन किए जाने की घोषणा के बाद शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर कामवन शहरवासियों तथा सर्व समाज के लोगों ने विधायक नौक्षम चौधरी का भव्य स्वागत किया नौक्षम चौधरी जिंदाबाद के नारो से पूरा बाजार गूंजा। पंजाबी समाज, सैनी समाज, गुर्जर समाज, जाट समाज, मुस्लिम समाज, वाल्मीकि समाज, दलित समाज, पत्रकार संघ सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने विधायक का फूल-मालाओं, शॉल, चांदी का मुकुट पहनाकर एवं तस्वीर भेंट कर सम्मान किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान विधायक नौक्षम चौधरी ने नगर पालिका से लाल दरवाजा तक पैदल यात्रा की। इस यात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासी, व्यापारी और दुकानदार शामिल रहे। रास्ते भर दुकानदारों और व्यापारियों ने विधायक पर पुष्पवर्षा कर उनका आभार व्यक्त किया। पूरे मार्ग में स्वागत और अभिनंदन का माहौल बना रहा। इस अवसर पर विधायक नौक्षम चौधरी ने कहा कि कामां का नाम कामवन होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इसके लिए माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का धन्यवाद व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि कामवन नाम से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। इससे कामवन को एक प्रमुख तीर्थ स्थल के रूप में पहचान मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जनभावनाओं के सम्मान की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता, सरपंचगण, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था और सभी ने इस निर्णय का स्वागत किया।



